Sunday, September 23, 2018

है आदमी! (23092018)

नाराजगी जहां से नहीं खुद से रखता है, उम्मीदें संजोता है, इसलिए नादां है आदमी।

तूफानों से डरता नहीं, मुंह मोड़नेवालों से हैरां है, इसलिए परेशां है आदमी।


जो कभी सोचे नहीं, खोजे नहीं ताउम्र एक भी जवाब, समझौतों में जी रहा, इसलिए पशेमां है आदमी।

देता रहा हर बार खुद को ठगने के मौके तमाम, गुनहगार खुद में है, इसलिए औरों पर मेहरबां है आदमी।

Friday, February 26, 2016

सावन (08/02/13)

सावन, पहले खेल था
नहाने का बहाना था
भीगने की खुशी थी
झूमने की वजह थी

तुम आए...

सावन, सजीला हुआ
मिलने का बहाना हुआ
बूंदें रेश्मी हुईं
प्यार का मौसम सुहाना हुआ

तुम गए...

भादो भी सूखा हुआ
बरखा, जहरीले बाणों सी हुई
प्रेम की खुशबू...
टीस की गंध हुई
तपिश की फुहार...
और, अग्न बरसे

सावन... सावन... सावन...

मोड़ (26/02/2016)


फोटो सौजन्य - http://planmiljoe.dk/(गूगल)


जीवन में हर पल हैं मोड़
कुछ सबक देते हुए आते हैं
कुछ सब लेते हुए जाते हैं
हर मोड़ की अपनी अहमियत है
इन मोड़ों की एक खासियत भी है
किनारे खड़े हो कभी गौर से देखा है इनको?
नहीं, तो आज खड़े होकर देखना, महसूस करना...
हर मोड़ पर सही वक्त पर देखना ही जरूरी होता है
मोड़ पर पहुंचने से पहले देखोगे, तो...
कभी पता नहीं चलेगा कि क्या आनेवाला है
मोड़ पार करके देखोगे, तो...
कभी जान नहीं पाओगे कि क्या ओझल हो गया
इन मोड़ों पर मुड़ ही जाओ, जरूरी नहीं
कुछ से आगे बढ़ो, कुछ पर रुककर देखो
कुछ से पीछे भी हट सकते हो
हर मोड़ पर एक... नहीं, नहीं... कई निशान होते हैं
मैं पढ़ने में, समझने में चूक रहा हूं
तुम सब संभलकर चलो
सही वक्त पर, सही वक्त देखकर बढ़ो...
चलो, अब इस पन्ने को भी कोई नया मोड़ दो,,,,,

Friday, August 16, 2013

अल्प विराम

वो रात भी अपनी ही थी, ये रात भी अपनी ही है
कल बिछड़े तो क्या हुआ, कल फिर मिलेंगे
राह में हाथ छूटा तो क्या, थोड़ा रोए तो क्या
न समझो साथ आखिरी है, ये अल्प विराम है
बीते हुए लम्हों को जिओ, आने वालों के इंतजार में
ये रात आखिरी है, सुबह के इंतजार में...

Friday, February 8, 2013

मेरी आशिकी... (08/02/13)

मेरी आशिकी चाहती है
कि, कभी वापस न लौटूं मैं...

प्यार के जिस मीठे दरिया का पानी पीकर
मिली थी जिंदगी मुझको



अब अपने नफरत के खारे समंदर में
वही डुबोना चाहते हैं हमें


मेरी आशिकी चाहती है
कि, कभी वापस न लौटूं मैं...

ज़रूरत (27/05/12)

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी तपती धूम में
बारिश की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी बीच समंदर में
मीठी दो बूंदों की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी घोंसले में
भूखे बच्चों को होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी अपनों में
किसी अपने की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी मंदिर में
प्रार्थना की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी चांदनी को
सूरज की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी जानेवाले को
रोकने वाले की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी मिलनेवाले को
गले लगाने की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी किसी अनजाने को
दोस्त की होती है















मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी मेघ को
पर्वत की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी अर्जुन को
कृष्णा की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी मृत्यु को
मोक्ष की होती है

मुझे तुम्हारी ज़रूरत है
वैसी, जैसी तुमको
कभी, मेरी होती थी

तुमने अपनी पूरी कर ली

मेरी ज़रूरत को,
आज भी,
तुम्हारी ज़रूरत है...

ये ज़रूरत है...
ज़रूर रहेगी...

Tuesday, June 26, 2012

कोशिश... (180612)

लिखने की कोशिश करता हूं
समझा नहीं सकता
क्या लिख रहा हूं
पहले जो समझ लूं तो,
लिख ही क्यों दूं

कहने की कोशिश करता हूं
वो कह न सका
जो कह पाता
जो कह देता
वो सुन लेते

समझाने की कोशिक करता हूं
जो समझा न सका
वो समझ न सके
जो समझ पाते
तो रुक जाते

सुनाने की कोशिश करता हूं
वो दूर बहुत हैं
सुनते, समझते
तो उठते नहीं
कोशिश ये होती नहीं...

Friday, February 24, 2012

तुम्हें गए एक साल हो गया...(230212)
------------------------------------

आज तुम्हें गए एक साल हो गया...
आज तुम्हे गए एक साल हो गया...
क्या करूं...
इस एक साल को तुम्हारी यादों में जोड़ दूं...
तुम्हारे साथ बिताए पलों में एक साल और बढ़ा दूं...
या फिर...
इस एक साल को उस वक्त से निकाल दूं...
या फिर...
इस एक साल को उस वक्त से निकाल दूं...
जिस वक्त तेरी बाहों में सूकून से जिया करता था...
आज तुम्हें गए एक साल हो गया...
आज तुम्हे गए एक साल हो गया...

Sunday, February 19, 2012


शाम...(180112)
----------

अभी जागे ही थे कि शाम हो गई
सोचा, सवेरा हो चुका है
सुबह तो हुई है
पर
अब तो रात ही रात है
रात ही रात है
सोने के लिए
रात ही रात है
रोने के लिए
रात ही रात में
आंखे बंद की
रात ही रात में
आंखे खुली रहीं
आंखे बंद की
आंखे खुल गईं
जो नहीं बदली
वो तेरी तस्वीर थी
जो बदल गई
क्या वो.....
अभी जागे ही थे
कि शाम हो गई...

वक्त...(221211)
--------

वक्त में पीछे जाकर
कोई कितना आगे बढ़ गया...
वक्त में आगे चलने वाले
कहीं पीछे छूट गए...

जो वक्त बीत गया
उस वक्त में जी रही हो...
मुझसे कह रही हो
अपनी जिंदगी जी रही हूं...

वक्त में पीछे जाकर
कोई कितना आगे बढ़ गया...
वक्त में आगे चलने वाले
कहीं पीछे छूट गए...

सुना था
गुजरा वक्त
लौटकर नहीं आता...
पर तुम तो
वक्त की रानी निकली...
उस वक्त को
दोबारा जी रही हो...
कमाल कर रही हो...

चेहरा बदल रही हो
किरदार बदल रही हो...

वक्त में पीछे जाकर...
कैसे जी रही हो...?

नहीं...
चेहरा बदल दिया है
किरदार बदल दिया है...

वक्त में पीछे जाकर
कोई कितना आगे बढ़ गया...
वक्त में आगे चलने वाले
कहीं पीछे छूट गए...

नाम देने का
बहुत शौक है तुम्हें...
नये किरदार को
क्या नाम दिया है...?
पुराना भूल गई हो...?
मैं पुकार दूं...?

वक्त में पीछे जाकर...
कैसे जी रही हो...?

हम जब कहते थे
यादों को संजोना है...
एक तस्वीर लेने दो...

तब कहती थी
इस कैमरे का क्या...
दिल के कमरे में
तुम्हारी डिजीटल लाईब्रेरी है...

क्या वो डिलीट हो गई...?

लगता तो ऐसा है...
(पर... काश ऐसा न हो...)

क्योंकि, अब तो
पोस्टरों में
वो पोज नजर आते हैं...
जिन्हें खिंचवाने के लिए
आप हमसे
नजरें चुराते थे...

वक्त में पीछे जाकर
कोई कितना आगे बढ़ गया...
वक्त में आगे चलने वाले
कहीं पीछे छूट गए...

अभी भी
आंखों में चुभन है...
कानों में
सन्नाटे की सीटी है...
हर सांस में
अभी भी
वही तेरी महक है...
जिस्म के
बाएं हिस्से में
वो खट-खट...
होती है...
आंखें बंद करते ही...
होठों पर...
वो एहसास आता है...

पर सवाल भी...
एक यही आता है...

क्या तेरे अंदर...
मुझे,
अभी भी,
पाया जा सकता है...?

वक्त में पीछे जाकर
कोई कितना आगे बढ़ गया...
वक्त में आगे चलने वाले
कहीं पीछे छूट गए...

बता दो
वक्त में पीछे जाकर...
कैसे जी रही हो...?

रात...(070212)
----------

वो कहती है...
अच्छा लिखते हो...
बेहतर कर सकते हो...
उम्दा बन सकते हो...
लिखता अब भी हूं...
पर क्या बेहतर है...?
उम्दा हो सकता है...?
इसलिए पूछता हूं...
चल, आज फिर चलते हैं...
उस रात की तरह...
जिस रात...
रात चली थी...
उस बात की तरह...
वो बात...
जो बात है...
हमारी बातों में...
जो हुई थी...
उन रातों में...
वो रातें...
जो हैं...
हमारे ख्वाबो में...
वो ख्वाब...
जो हैं...
हमारी आंखों में...
वो आंखें...
क्या अब भी...
मुझे ढूंढ़ती हैं...?
ढूंढ़ती हैं...
उस रात की तरह...
जिस रात...
हम मिले थे...
उस रात की तरह...
चल, आज फिर चलते हैं...
उस रात की तरह...
जिस रात...
एक हुए थे...
उस रात की तरह...
चल, आज फिर चलते हैं...
उस रात की तरह.....
दो मुटल्ली(070212)
--------------------

दो मुटल्ली उड़ गईं
एक गईं परलोक
एक गई परदेस
हम रह गए इह लोक
दो मुटल्ली उड़ गईं
---------------------------
---------------------------
दो मुटल्ली उड़ गईं
अब कौन लुटाए दुलार
अब कौन दिखाए प्यार
हम किसका करें एतबार
दो मुटल्ली उड़ गईं
---------------------------
---------------------------
दो मुटल्ली उड़ गईं
कहां खाएं हम माल-पूआ
कहां खाएं हम पोहा-चाट
हम अब खाएं सूखा भात
दो मुटल्ली उड़ गईं
---------------------------
---------------------------
दो मुटल्ली उड़ गईं
एक के आंचल में समा जाएं
एक की चुनरी में सब मिल जाए
हम अब बोलो कहां टकटकी लगाएं
दो मुटल्ली उड़ गईं
---------------------------
---------------------------
दो मुटल्ली उड़ गईं
तुमसे चाहूं बता न पाऊं
तुमसे चाहूं बात कर न पाऊं
अब कहो - किससे कहूं, किससे छिपाऊं
दो मुटल्ली उड़ गईं
---------------------------
---------------------------
दो मुटल्ली उड़ गईं
एक को खूब सताया
एक को बहुत रुलाया
अब मैं बैठ-बैठ पछताया
दो मुटल्ली उड़ गईं
---------------------------
---------------------------

पत्ता...(110112)
------------

खुद को
मैं
वो पत्ता समझता था
जो
मिट्टी के ढेले के नीचे दबा है
जिसे
कोई खिसका नहीं सकता

ये गफतल थी मेरी

कब
पानी बरसा
ढेला घुल गया
कब
हवा चली
मैं
उड़ गया

ये हकीकत है मेरी

खुद को
मैं
वो पत्ता समझता था...

अब
निशान भी धुंधले हो रहे
कुरेदूं
तो दर्द
न खरोचूं
तो
निशान मिट जाने का डर
क्या करूं, कैसे सुलझूं

खुद को
मैं
वो पत्ता समझता था...
-----------------------------
-----------------------------

फिर लगा
महसूस हुआ
तुम
वो
गुबार हो
गुबार छंटा
मैं
छूट गया
कह दो
ये सब झूठ है...

क्रिसमस(251211)
-----------

याद है
वो क्रिसमस की रात थी
ठिठुरन बहुत थी
ठंड कमाल की थी
मैं
तुम्हारे घर आया था
टोपी पहनी थी
जर्सी की हुड कैप लगाई थी
ऊपर से
मफलर बांधा था
तुमने
लल्लूलाल कहा था
याद है
वो क्रिसमस की रात थी
8 रुपए की सौ ग्राम मूंगफली
और
10 वाली Bar-One लाया था
देर तक बातें की थीं
दांतों को दबाकर
होंठों को भींचकर
खूब शोर मचाया था
रात भर सोए नहीं थे
सिर्फ
एक दूसरे में खोए थे
एक दूसरे में खोए थे
एक दूसरे में खोए थे...
याद है
वो क्रिसमस की रात थी
-------------------------------------------
आज भी
क्रिस्मस की रात है
पर
ठंड नहीं है
सिर्फ
एक शर्ट पहनी है
बाहें भी मोड़ रखी हैं
आज भी देखती
तो
लल्लूलाल कहती
आज भी
क्रिस्मस की रात है
पर
मूंगफली के दाने नहीं हैं
चॉकलेट
खाना भूल गए हम
ढ़ेर सारी बाते हैं
कहने को कोई नहीं
आज भी
क्रिस्मस की रात है
दांतों को दबाया है
होठों को भींचा है
जी भर के रोया है
खामोशी का शोर है
रात भर
आज भी नहीं सोए हैं
फिर भी
आज हम खोए हैं
आज हम खोए हैं
आज हम खोए हैं
आज भी
क्रिस्मस की रात है...

Wednesday, January 4, 2012


पंक्तियां(030112)
----------------------

कुछ पंक्तियां खोजी थीं...
सोचा था घर ले जाऊंगा...
पर कहीं बिखर गईं...
सारी की सारी खो गईं...

अब क्या करूं...
किससे पूछूं...
जननी तो चली गई...
जिसके लिए खोजी थी...
वो छोड़ गई...

कुछ पंक्तियां खोजी थीं...
सोचा था घर ले जाऊंगा...
पर कहीं बिखर गईं...
सारी की सारी खो गईं...

नई तलाश करूं...
नई शुरूआत करूं...
डर रहा हूं...
खुद को...
असहाय पा रहा हूं...

कुछ पंक्तियां खोजी थीं...
सोचा था घर ले जाऊंगा...
पर कहीं बिखर गईं...
सारी की सारी खो गईं...

अब कैसे खोजूं...
हिम्मत कैसे जुटाऊं...
कैसे मानूं...
अब जो तलाश करूंगा...
वो मैं पूरी निभाऊंगा...

कुछ पंक्तियां खोजी थीं...
सोचा था घर ले जाऊंगा...
पर कहीं बिखर गईं...
सारी की सारी खो गईं...

खुद पर संदेह है...
क्योंकि...
जिन्हें खोजा था...
उसे संजो न सका...
अब क्या सफल हो पाऊंगा...

कुछ पंक्तियां खोजी थीं...
सोचा था घर ले जाऊंगा...
पर कहीं बिखर गईं...
सारी की सारी खो गईं..

Saturday, December 10, 2011


वक्त में पीछे जाकर कोई कितना आगे बढ़ गया... वक्त में आगे चलने वाले कहीं पीछे छूट गए...


Sunday, September 4, 2011







मुंबई का मौसम बड़ा बेईमान है
आंखों में धूल झोंककर मेघ लाता है
सावन का जबतक हो एहसास
चटकीली धूप का रंग निखर आता है

Wednesday, February 2, 2011

हमारी इमारत...




इमारत से धुंध हटेगी...
पुरानी नेम प्लेट पर जमी गर्द हटेगी...
सूरज आज कोहरे की चादर से बाहर निकला है...
दिल में दबे दर्द की टीस क्या कुछ कम होगी...
जिस इमारत में प्यार की ईंटों को...
मोहब्बत से जोड़ा था...
आज फिर उस इमारत को दूर से देखा...
सोचा धुंध है...
चार कदम आगे बढ़ा...
इमारत के किनारों पर...
टिमटिमाती रोशनी दिखी...
दिल को सुकून मिला...
जिस इमारत को अपना कहते हैं...
उसपर आज भी शबनमी बूंदें ठहरती हैं...
अब इमारत के और नजदीक था...
इमारत अभी भी धुंधली थी...
अब समझ आया...
जिसे धुंध समझ रहे थे...
वो तो धूल है...
इमारत के किनारों से टिमटिमाती रोशनी का सच भी सामने था...
टूटे हुए शीशे से...
बल्ब की रोशनी झांक रही थी...
शायद तकदीर में यही था...
दोस्ती सूरज से की थी...
निभाने जुगनु आया...

Wednesday, December 1, 2010

भोगस है शीला की जवानी !


शीला, शीला की जवानी...

ऐसा नहीं लगता कि, किसी सी ग्रेड फिल्म का टाइटल है ये। "शीला की जवानी..." फराह खान की नई फिल्म तीस मार खान का सबसे ज्यादा मोस्ट अवेटिंग सॉन्ग। फिल्म शुरू होने के पहले से ही गाने की चर्चा शुरू हो गई थी। फराह खान ने तो बकायदा एलान कर रखा है कि "शीला की जवानी..." जैसा कोई आइटम नंबर आज तक बना ही नहीं है। लेकिन मुझे ऐसा कुछ भी खास नहीं लगा "शीला की जवानी..." में। मुझे तो "शीला की जवानी..." नहीं भाई। ऐसा लगा जैसे में शकीरा के वाका-वाका और एश्वर्या के इश्क कमीना गानों के डांस की मिमिक्री देख रहा हूं। शीला यानी कि कटरीना को फराह ने डमी की तरह से इस्तेमाल किया है, वो डमी जो शकीरा के जैसे बैले और एश्वर्या की तरह कपड़े पहने दिख रही है। गाने के बोल की बात करें तो "शीला... शीला की जवानी...." सिर्फ इसी लाइन में दम नजर आता है, बाकी तो शीला की जवानी की धूप खिलने से पहले ही उतर गई है।


फराह की शीला में कुछ खास नहीं दिखा, इससे अच्छा तो शिल्पा शेट्टी नाच लेती है। गानों की बात करें तो बाबू जी जरा धीरे चलो, मैं आई हूं यूपी बिहार लूटने, जबा पे लागा नमक इश्क का, बीड़ी जलइले, शट-अप एन बाउन्स कहीं ज्यादा भाते हैं। शीला की जवानी को हिप-हॉप और रैप करने के चक्कर में फराह ने गोंड दिया है। शीला ने भी सिर्फ डांस पर ही ध्यान दिया है।


फराह तो शीला की टक्कर मुन्नी से भी करा रही हैं। लेकिन भूल गई कि मुन्नी से बेहतर आइटम गर्ल कोई नहीं है। तभी तो मलाइका का जलवा छैइया-छैइया से लेकर मुन्नी बदनाम हुई तक बदसतूर बरकरार है।


तो मैडम फराह, तीस मार खान भले ही हाथ से निकल जाए लेकिन, शीला की जवानी हाथ में आकर भी फिसल गई है...

Thursday, November 25, 2010

26/11 कब मिलेगा इंसाफ...?




















26/11... ये तारीख भारत के इतिहास में मासूम लोगों के खून से लिखी गई है... इस काली तारीख को लिखा गया पाकिस्तान की जमीन से... और ये बात अब किसी से छिपी नहीं है... फिर भी पाकिस्तान खामोश है... भारत ने बहुत से ऐसे पुख्ता सबूत सामने रखे हैं... जो चीख-चीख कर कह रहे हैं कि पाकिस्तान गुनहगार है... लेकिन पाकिस्तान पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है... पाकिस्तान में बैठे दरिंदे... जिन्होंने भारत को ये गहरा जख्म दिया वो फक्र से सिर उठाए घूम रहे हैं... और पाकिस्तान उन्हें हर कदम पर बचा रहा है... पाकिस्तान पर उस अमेरिका का भी कोई असर नहीं पड़ रहा... जिसकी डिक्शनरी में आतंक शब्द का मतलब ही दुश्मन है... ये बात और है... कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पाकिस्तान यात्रा से पहले... पाकिस्तान ने भारत को 13वां डोजियर सौंप कर खानापूर्ति कर दी है... पाकिस्तान शुरू से ही मुंबई हमले पर ढुलमुल रवैया दिखाता रहा है... मुंबई हमले की योजना बनाने वालों... उसे अंजाम देने वालों पर... पाकिस्तान की ओर से कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई... और पाकिस्तानी हुकूमत के अंदाज से तो यही लगता है कि कुछ होगा भी नहीं... भारत ने मुंबई हमले की बरसी से ठीक पहले कड़े शब्दों में एक नोट पाकिस्तान को भेजा है... जिसमें मुंबई हमले में शामिल लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों पर... बेहद धीमी कार्रवाई किए जाने पर चिंता जताई गई है... जबकि जून में इस्लामाबाद में पाकिस्तानी गृह मंत्री को... गृह मंत्री चिदंबरम ने वो सात नाम सौंपे थे जिन्होंने मुंबई हमले की योजना बनाई थी... 26/11 में शामिल सात सरगनाओं के सौंपे गए नामों में... पाकिस्तानी सेना के दो अधिकारियों के नाम भी शामिल थे... मुंबई हमले में ISI का हाथ होने की बात को भी पाकिस्तान सिरे से नकारता रहा है... पाकिस्‍तान कहता है कि उसे मुंबई हमलों के बारे में भारत से और जानकारी चाहिए... ताकि वो आरोपियों के खिलाफ अपने देश में सुनवाई कर सके... लेकिन ये सब पाकिस्तान की बहानेबाजी है... पाकिस्तान जिस तरह से आतंकियों को बचा रहा है... उसे शायद इस बात का अहसास नहीं... कि वो जिस आतंक के ज्वालामुखी को खोद रहा है... उसमें से निकले लावे से वो खुद जल कर खाक हो जाएगा...