Sunday, September 4, 2011







मुंबई का मौसम बड़ा बेईमान है
आंखों में धूल झोंककर मेघ लाता है
सावन का जबतक हो एहसास
चटकीली धूप का रंग निखर आता है

Wednesday, February 2, 2011

हमारी इमारत...




इमारत से धुंध हटेगी...
पुरानी नेम प्लेट पर जमी गर्द हटेगी...
सूरज आज कोहरे की चादर से बाहर निकला है...
दिल में दबे दर्द की टीस क्या कुछ कम होगी...
जिस इमारत में प्यार की ईंटों को...
मोहब्बत से जोड़ा था...
आज फिर उस इमारत को दूर से देखा...
सोचा धुंध है...
चार कदम आगे बढ़ा...
इमारत के किनारों पर...
टिमटिमाती रोशनी दिखी...
दिल को सुकून मिला...
जिस इमारत को अपना कहते हैं...
उसपर आज भी शबनमी बूंदें ठहरती हैं...
अब इमारत के और नजदीक था...
इमारत अभी भी धुंधली थी...
अब समझ आया...
जिसे धुंध समझ रहे थे...
वो तो धूल है...
इमारत के किनारों से टिमटिमाती रोशनी का सच भी सामने था...
टूटे हुए शीशे से...
बल्ब की रोशनी झांक रही थी...
शायद तकदीर में यही था...
दोस्ती सूरज से की थी...
निभाने जुगनु आया...

Wednesday, December 1, 2010

भोगस है शीला की जवानी !


शीला, शीला की जवानी...

ऐसा नहीं लगता कि, किसी सी ग्रेड फिल्म का टाइटल है ये। "शीला की जवानी..." फराह खान की नई फिल्म तीस मार खान का सबसे ज्यादा मोस्ट अवेटिंग सॉन्ग। फिल्म शुरू होने के पहले से ही गाने की चर्चा शुरू हो गई थी। फराह खान ने तो बकायदा एलान कर रखा है कि "शीला की जवानी..." जैसा कोई आइटम नंबर आज तक बना ही नहीं है। लेकिन मुझे ऐसा कुछ भी खास नहीं लगा "शीला की जवानी..." में। मुझे तो "शीला की जवानी..." नहीं भाई। ऐसा लगा जैसे में शकीरा के वाका-वाका और एश्वर्या के इश्क कमीना गानों के डांस की मिमिक्री देख रहा हूं। शीला यानी कि कटरीना को फराह ने डमी की तरह से इस्तेमाल किया है, वो डमी जो शकीरा के जैसे बैले और एश्वर्या की तरह कपड़े पहने दिख रही है। गाने के बोल की बात करें तो "शीला... शीला की जवानी...." सिर्फ इसी लाइन में दम नजर आता है, बाकी तो शीला की जवानी की धूप खिलने से पहले ही उतर गई है।


फराह की शीला में कुछ खास नहीं दिखा, इससे अच्छा तो शिल्पा शेट्टी नाच लेती है। गानों की बात करें तो बाबू जी जरा धीरे चलो, मैं आई हूं यूपी बिहार लूटने, जबा पे लागा नमक इश्क का, बीड़ी जलइले, शट-अप एन बाउन्स कहीं ज्यादा भाते हैं। शीला की जवानी को हिप-हॉप और रैप करने के चक्कर में फराह ने गोंड दिया है। शीला ने भी सिर्फ डांस पर ही ध्यान दिया है।


फराह तो शीला की टक्कर मुन्नी से भी करा रही हैं। लेकिन भूल गई कि मुन्नी से बेहतर आइटम गर्ल कोई नहीं है। तभी तो मलाइका का जलवा छैइया-छैइया से लेकर मुन्नी बदनाम हुई तक बदसतूर बरकरार है।


तो मैडम फराह, तीस मार खान भले ही हाथ से निकल जाए लेकिन, शीला की जवानी हाथ में आकर भी फिसल गई है...

Thursday, November 25, 2010

26/11 कब मिलेगा इंसाफ...?




















26/11... ये तारीख भारत के इतिहास में मासूम लोगों के खून से लिखी गई है... इस काली तारीख को लिखा गया पाकिस्तान की जमीन से... और ये बात अब किसी से छिपी नहीं है... फिर भी पाकिस्तान खामोश है... भारत ने बहुत से ऐसे पुख्ता सबूत सामने रखे हैं... जो चीख-चीख कर कह रहे हैं कि पाकिस्तान गुनहगार है... लेकिन पाकिस्तान पर कोई फर्क नहीं पड़ रहा है... पाकिस्तान में बैठे दरिंदे... जिन्होंने भारत को ये गहरा जख्म दिया वो फक्र से सिर उठाए घूम रहे हैं... और पाकिस्तान उन्हें हर कदम पर बचा रहा है... पाकिस्तान पर उस अमेरिका का भी कोई असर नहीं पड़ रहा... जिसकी डिक्शनरी में आतंक शब्द का मतलब ही दुश्मन है... ये बात और है... कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की पाकिस्तान यात्रा से पहले... पाकिस्तान ने भारत को 13वां डोजियर सौंप कर खानापूर्ति कर दी है... पाकिस्तान शुरू से ही मुंबई हमले पर ढुलमुल रवैया दिखाता रहा है... मुंबई हमले की योजना बनाने वालों... उसे अंजाम देने वालों पर... पाकिस्तान की ओर से कभी कोई कार्रवाई नहीं की गई... और पाकिस्तानी हुकूमत के अंदाज से तो यही लगता है कि कुछ होगा भी नहीं... भारत ने मुंबई हमले की बरसी से ठीक पहले कड़े शब्दों में एक नोट पाकिस्तान को भेजा है... जिसमें मुंबई हमले में शामिल लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों पर... बेहद धीमी कार्रवाई किए जाने पर चिंता जताई गई है... जबकि जून में इस्लामाबाद में पाकिस्तानी गृह मंत्री को... गृह मंत्री चिदंबरम ने वो सात नाम सौंपे थे जिन्होंने मुंबई हमले की योजना बनाई थी... 26/11 में शामिल सात सरगनाओं के सौंपे गए नामों में... पाकिस्तानी सेना के दो अधिकारियों के नाम भी शामिल थे... मुंबई हमले में ISI का हाथ होने की बात को भी पाकिस्तान सिरे से नकारता रहा है... पाकिस्‍तान कहता है कि उसे मुंबई हमलों के बारे में भारत से और जानकारी चाहिए... ताकि वो आरोपियों के खिलाफ अपने देश में सुनवाई कर सके... लेकिन ये सब पाकिस्तान की बहानेबाजी है... पाकिस्तान जिस तरह से आतंकियों को बचा रहा है... उसे शायद इस बात का अहसास नहीं... कि वो जिस आतंक के ज्वालामुखी को खोद रहा है... उसमें से निकले लावे से वो खुद जल कर खाक हो जाएगा...

Sunday, September 5, 2010

बेचो, बेचो यार ! जब बेचोगे नहीं तो चलेगा कैसे...

इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करते हुए ज्यादा वक्त नहीं बीता है... न तो मुझे इतनी समझ है कि किसी को क्रिटिसाइज कर सकूं... लेकिन क्या करूं ब्लॉग बनाया है तो लिखना पड़ेगा... लिखने का ही काम करता हूं तो लिख रहा हूं... ऊपर से कायस्थ हूं, शुरू से सुनता आ रहा हूं कि तुम नहीं लिखोगे तो और कौन लिखेगा... चित्रगुप्त जी की वजह से ऐसा लगता है कि कलम पर हम कायस्थों का पट्टा लिख दिया गया है... क्या लिखूं, क्या कहूं...

एक बात है और वो ये कि जो बातें सुनता आ रहा था वो अब दिखने लगीं हैं... कुछ उदाहरण दूं उसके पहले आपसे पूछता हूं... क्या आपको पता है कि ओडिसा में आजकल क्या हो रहा है... वहां के हालात क्या हैं... अगर आप ऐसा अखबार पढ़ते हैं जो वहां की खबरे कैपचर करता है तो ठीक है... वरना, आपको नहीं पता होगा... उत्तरप्रदेश के पूर्व के हिस्सों में... नेपाल से लगे इलाकों में क्या हो रहा है क्या आपको पता है... अगर आप वहां के रहने वाले नहीं हैं... आपका कोई जानने वाले, नजदीकी वहां का नहीं है तो आपको पता नहीं होगा... क्यों... क्योंकि हमारे सोकॉल्ड नेशनल हिन्दी चैनलों पर ये खबरें नहीं चलाई जा रही हैं... साला मन में सवाल उठता है और कचोटता भी है कि नेशनल चैनल है या दिल्ली का चैनल... दिल्ली में बाढ़ आई हाहाकार मच गया, बारिश हुई तो नेशनल खबर बन गई... डेंगू न हो गया यमराज का प्रमोशनल एड हो गया जिसके लिए प्राइम टाइम में स्लॉट बुक हो गया है... नेपाल से जब नारायणी नदी से पानी छोड़ा जाता है गोरखपुर, देवरिया, पडरौना, कुशीनगर में बाढ़ आती है तब खबर क्यों नहीं बनती... बनती है तो बस एक पैकेज या स्पीड न्यूज में चला दो... डेंगू से कुछ मौते होती हैं तो जैसे जलजला आ जाता है... गोरखपुर, महाराजगंज में इंस्फलाइटिस से सैकड़ो लोग मर जाते हैं कोई खबर तक नहीं चलाता...

कर्मी- सर, खबर आई है, दिमागी बुखार से100 से ज्यादा मर गए, ५०० से १००० के बीच पीड़ित हैं, फुटेज बहुत अच्छी है सर, बच्चे बेड पर पड़े हैं, मां-बाप रो रहे है, अस्पताल में दवा नहीं है, इलाज नहीं हो रहा है

सर- बेचोगे कैसे, बिकेगा... कौन देखेगा तुम्हारा दिमागी बुखार... सब तो डेंगू चला रहे हैं... पैकेज लिख दो... विजुअल अच्छे हो तो अगली शिफ्ट वाले बना लें अगर लगे तो... हमे चलाना होगा तो डेंगू से ओपन करेंगे, लास्ट चंक में रख लेंगे... एक फोनो ले लेना ज्यादा से ज्यादा... वैसे कोई जरूरत नहीं है...

कर्मी- सर, लेकिन बहुत बड़ी खबर है...

सर- हर साल होता है... तुम डिसाइड करोगे क्या बड़ा है क्या छोटा... बॉस को तय करने दो... काम करो और मुझे करने दो...

कर्मी- जी सर, स्टिंग टॉस भी न लिखें गोरख...

सर- अरे यार समझते नहीं हो... कुछ नहीं, सिम्पल रखो, और सुनो, बरसात हो रही है लगातार दिल्ली में जाम, सड़क धंसने के फुटेल निकलवाकर रखो, दो-चार दिन में काम आएगा... फुल डीटेल के साथ...

अक्सर ऐसे ही होता है... भला हो टिहरी का जो एशिया के सबसे बड़े बांधों में से एक है और शिवजी की मूर्ति का जो गंगा में डूब गई... वरना उत्तराखंड के बाढ़ की भी शायद खबर यूं न चलती... बिहार में चुनाव है तो वहां की भी खबरे चल रही है... प्रयोजित जो है...

अभी सिर्फ इतना ही... मिलते हैं छोटे से विराम के बाद...

Friday, August 27, 2010

चीन से हारा भारत...



हम्म्म... तो हार गईं सायना... नंबर वन बनने का सपना भी रह गया... 8-21, 14-21 से जो हारीं सो हारीं... वैसे पहले सेट में जब 0-6 से पीछे रहने के बाद 6-6 की बराबरी की तो लगा शायद फिर से करिश्मा हो और लगातार तीन टूर्नामेंट जीत कर तीसरे नंबर पर और फिर दूसरे नंबर पर पहुंची सायना शायद क्वाटर फाईनल जीतकर विश्व की नंबर वन खिलाड़ी बना जाएं... लेकिन चीन की शियजान ने उनके सपनों की राह में रोड़ा डाल दिया... और खुद को सेक्योर करती हुईं सायना को बाहर का रास्ता दिखा दिया... और इस तरह चीन ने भारत को हरा दिया...

ये तो खेल की बात थी... दो सेट हार कर खेम खत्म और टूर्नामेंट से बाहर... कभी मौका मिला तो जीत लेंगे कोर्ट... लेकिन क्या चीन और भारत के बीच सिर्फ यही एक मैच था... बाकी सब ठीक है... ऐसा लगता तो नहीं हैं... सिर्फ भारत और चीन की बात को रहने दीजिए... इन दो देशों की टंकार पूरे विश्व में गूंज रही हैं... 'द इकॉनमिस्ट' नाम की एक पत्रिका ने अपनी कवर स्टोरी में भारत और चीन के बीच चल रही होड़ को इस वक्त की सबसे बड़ी प्रतिस्पर्धा करार दिया है... संकेत साफ है कि भारत और चीन की दौड़ ने सभी के नीचे की जमीन को हिला कर रख दिया है... कुछ एक रिपोर्ट्स भी यही कहती हैं कि चीन भले ही आगे हो लेकिन भारत भी पीछे नहीं... तो क्या मान लें कि चीन खरगोश है और भारत कछुआ...



खरगोश और कछुए की कहानी पुराने समय की है... कहानी में सीख छिपी है कि जो सतत अपने कर्म में लगा रहता है विजय उसी की होती है... लेकिन अब समय बदल गया है... सिर्फ अपने काम में लगे रहने से ही जीत नहीं मिलती... आपको अपनी मेहनत और लगन के साथ-साथ बहुत कुछ सोच-समझकर और बना-बिगाड़ कर चलना होता है... चीन भी कुछ ऐसा ही कर रहा है... चीन पाकिस्तान के साथ मिलकर उसके यहां बांध और सड़के बना रहा है और अपने संबंध पाकिस्तान के साथ मजबूत कर रहा है... तो वहीं भले ही भारत कहे कि कुछ नहीं बिगड़ रहा फिर भी खतरा तो है क्योंकि दो दुश्मन गहरे दोस्त बन गए हैं... क्या वाकई चीन से खतरा नहीं है... अगर ऐसा है तो क्यों चीन ने एक भारतीय लेफ्टिनेंट जनरल को चीन में आने का वीजा नहीं दिया... क्यों उसने कह दिया कि कश्मीर झगड़े वाली जगह है और वहां रहने वाले किसी भी व्यक्ति को चीन में नहीं घुसने दिया जाएगा... चीन ने तो कश्मीर से आने वालों के लिए अलग वीजा ही बनवा दिया है... क्या ये काम करके चीन ने पाकिस्तान के प्रति अपनी गहरी दोस्ती का सबूत नहीं दिया है...

भारत और चीन के बीच की प्रतिस्पर्धा को विश्व भी गंभीरता से ले रहा है... इसकी चर्चाएं भी गाहे-ब-गाहे हो जाती है... अक्सर भारत को प्लस प्वाइंट भी दे दिया जाता है... और चीन को उसके तरीकों के लिए सुनना पड़ता है... लेकिन नतीजा क्या होता है... आगे कौन रहता है... क्या शालीनता से रहना... दूसरों से व्यवहार बनाना... खुद को हमेशा प्रजातांत्रिक साबित करना ही सबकुछ है... सिर्फ दूसरों की वाह-वाही मिल जाने भर से हम जीत जाएंगे... या भारत चीन से हार जाएगा...

Monday, July 26, 2010

ASP (एस्प)








क्या है एस्प? एस्प एक प्रकार का जहरीला सांप होता है... जो डस ले तो इंसान पानी मांगने लायक भी ना रहे... कुछ ऐसे ही लोगों की मेहमाननवाजी हम करते आए हैं... कर रहे हैं और शायद करते रहेंगे... इशारा है अबु और कसाब जैसे लोगों की ओर... जिन्हें हम-आप आतंकवादी के तौर पर जानते हैं... वो शुरू से ऐसे थे... हालात ने ऐसा बनाया... इससे फर्क नहीं पड़ता... जो सच्चाई है वो ये कि हमारी सरकार इन्हें अपने दामाद की तरह रखती है... खातिरदारी ऐसी की किसी को ब्योरा देने की जरूरत नहीं...

ताजा मामला ही लीजिए... एक आतंकी ने दूसरे आतंकी पर जानलेवा हमला किया... पुलिस, प्रशासन सकते में आ गए... बकायदा इलाज करवाया गया... जान बचाने के लिए जेल तक बदल दी गई... आखिर ऐसा किया क्यों गया... दोनों पर केस चल रहा है... एक ना एक दिन सजा मिलेगी... अगर फांसी की सजा ना हो तो बेकार है हमारा कानून... आप खुद सोचिए... इनकी सुरक्षा पर साल में करोड़ों खर्च होते हैं... सुरक्षा से अलग इनकी जरूरतों पर लाखों खर्च होते ही होंगे... ज्यादा लगें तो भी आश्चर्च नहीं... खुद मुंबई के गृहराज्य मंत्री ने भी जेल का दौरा करने के बाद कहा कि अबु की बैरक में इंतजाम देखकर दंग रह गया... उसके कपड़े बाहर से धुल के आते हैं... कपड़े सलीके से रखें हैं... जेल की दीवारों पर मॉडल्स की तस्वीरें चस्पा हैं... दूसरी सुख-सुविधाएं भी हो तो आंखें मत फाड़िएगा... ये तो हमारी जेलों में नॉर्लम बाते हैं... लेकिन एबनॉर्मल ये लगा कि मंत्री जी इतना क्यों चौक गए... उनका भी कोई दूर या पास का साथी कभी न कभी तो जेल गया ही होगा... उस वक्त उसे भी वैसी ही सुविधाएं मिली होंगी जिसकी वो बात कर रहे हैं... तो इतना हल्ला क्यों... या कभी वो गलती से जेल चले गए तो क्या उन्हें ऐसी आलीशान खातिरदारी नहीं मिलेगी...

सुरक्षा इंतजामों की बात हो रही थी... मुंबई के गृहमंत्री आर आर पाटिल जी ने कहा है कि अबु सलेम के आरोपो की जांच होगी... कि उसकी जान को खतरा था... यानी अब सरकार ना सिर्फ आतंकियों की सुरक्षा करेगी बल्कि उनके लिए जांच और शायद मुकदमे भी लड़ेगी... वाह री सरकार वाह... आतंकियों की सुनवाई हो रही है और जब बिहार में सत्ता पक्ष का नेता गांव के लड़के को उलटा लटकाकर उसके तलवों पर लाठी बरसाता है तो लड़के के लिए कुछ नहीं किया जाता... सिर्फ नेता जी को पार्टी से निकालने का फरमान आता है... लड़का मर जाए, कोई अंग भंग हो जाए तो... तो क्या, नेता जी पर भी केस चलेगा... एक पार्टी ने निकाला है तो दूसरी पार्टी का टिकट मिल जाएगा... भारतीय राजनीति जिंदाबाद...

एक आतंकी दूसरे को मारता है तो मारने दो... बचा क्यों रहे हो... जब उन्होंने हजारों को मारा... लाखों को बर्बाद किया तब... इतने साल तक तो पहले अबु को पकड़ नहीं पाए... जब पकड़ भी लिया तो आठ सालों से उसे भी झेला रहे हो और जनता को भी... जब पकड़ा गया था तो मरियल सा दिख रहा था... अब देखो, हट्टा-कट्टा हो गया है... जितने उसके डोले हैं शायद उतनी मेरी जांघ होगी... दौसा को देखों... इतनी उम्र में तो हमारे आपके बुजुर्ग झुक जाते हैं ज्यादातर... वो इतना चुस्त है कि अबु जैसे पर ना सिर्फ धारदार हमला करता है बल्कि दो-चार हाथ भी लगा देता है... देश की जनता का हाल देखो... एक दिन मजदूरी ना करें तो शाम को फाका हो जाता है... तब सरकार उनको रोटी देने नहीं आती है... और आतंकियों को हफ्ते में एक दिन नॉन-वेज खिलाने का पैसा है सरकार के पास... ताकि कैदी तंदरुस्त रहें... अरे यार फांसी दो और खेल खत्म करो... जिसके बार में सभी की एक राय है... कोई भी मानवाधिकार संगठन खड़ा नहीं होने वाला कि क्यों ऐसे लोगों को फांसी दे रहे हो... तो लटका दो इन्हें... इंतजार क्यों और किसका...

क्या इंतजार एक और कंधार का है... एक छूटा है तो इतना हल्ला काट रहा है... दो-चार और छूट गए तो क्या होगा...

वैसे एक बात कहूं... हमारे जैसे लोग सिर्फ लिख ही सकते हैं... जब करने की बात आती है तो दस तरह की बातें सोचने लगते हैं कि क्या करें और क्या ना करें... शायद हम सिर्फ लिखने के लिए हैं... कुछ करने के लिए नहीं... ऐसा मुझे लगता है... कोई दिल पर ना ले... दिल पर ले अगर... तो फिर दिमाग में भी उतारे... तब तो कुछ बात बने... वरना आप कोसते रहो... देश के दामद बनकर तो वो ऐश कर ही रहे हैं...